गोरखपुर की नई ख्याति नॉलेज सिटी सी बन रही है। योगी सरकार के आठ वर्ष गोरखपुर के लिए शैक्षिक उत्कर्ष वाले साबित हुए हैं। इन आठ सालों में इस जिले को अत्यंत प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल समेत अटल आवासीय विद्यालय, जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, एक राजकीय महाविद्यालय, चार राजकीय इंटर कॉलेज, चार आईटीआई, दो पॉलिटेक्निक की सौगात मिली तो पूर्व से संचालित अनेक विद्यालयों का कायाकल्प हुआ।
आठ सालों में गोरखपुर में एक राज्य और एक निजी विश्वविद्यालय की स्थापना हुई तो एक नए विश्वविद्यालय (वानिकी विश्वविद्यालय) की स्थापना की ओर सरकार ने कदम बढ़ा दिए हैं।
अब यह देश के उन चुनिंदा जिलों में शामिल हो चुका है जहां चार विश्वविद्यालय हैं और पांचवां विश्वविद्यालय बनने वाला है। जल्द ही यहां स्टेट इंस्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट की सौगात भी मिल जाएगी। अपना गोरखपुर प्रौद्योगिकी, चिकित्सा, व्यावसायिक, प्रबंधकीय, हॉस्पिटैलिटी समेत किसी भी विशिष्ट प्रकार की शिक्षा के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ ही सीमावर्ती बिहार और नेपाल के लिए उम्मीदों का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
गोरखपुर में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव महज आठ सालों में देखने को मिला है। इस बदलाव का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है। योगी आदित्यनाथ नाथपंथ के विश्व प्रसिद्ध गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर हैं। शैक्षिक उन्नयन के प्रति ऊर्जस्वित विचार उन्हें अपनी पीठ से विरासत में मिला है।
गोरखपुर को केंद्र में रखकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में शैक्षिक क्रांति में गोरक्षपीठ और इसके दो पीठाधीश्वरों ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की बड़ी भूमिका मानी जाती है। योगी आदित्यनाथ इसी भूमिका
का फलक और व्यापक कर रहे हैं।
संसदीय कार्यकाल से ही उनकी मंशा गोरखपुर को नॉलेज सिटी के रूप में विकसित करने की थी और उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद यह तेजी से साकार होती गई है।
अब पूर्वांचल के जवान फौज में सिर्फ जवान ही नहीं अफसर भी बन सकेंगे
सीएम योगी के प्रयासों से गोरखपुर में सैनिक स्कूल भी बन गया है और इसमें पढ़ाई भी होने लगी है। यह पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला और उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल सोसाइटी द्वारा संचालित प्रदेश का दूसरा सैनिक स्कूल है। यह बताने की जरूरत नहीं कि सैनिक स्कूल किसी भी क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
गोरखपुर में सैनिक स्कूल बन जाने से अब सैन्य सेवाओं में अवसरों के लिए क्षेत्रीय संतुलन बढ़ेगा। सैनिक स्कूल को सीएम योगी ने ड्रीम प्रोजेक्ट मानकर बनाया है।