जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। चिलुआताल थाना क्षेत्र में दबंग ने गाली-गलौज का विरोध करने पर दिव्यांग सिंचाई कर्मी पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। मारपीट कर उसकी ट्राई साइकिल भी तोड़ दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, गाली गलौज, धमकी की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है।
चिलुआताल निवासी श्याम बदन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दोनों पैर से दिव्यांग हैं। पीपीगंज क्षेत्र के तुर्कवलिया बांध पर सिंचाई विभाग में बेलदार के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार को दोपहर एक बजे बढ़या कोठा बांध पर बाढ़ बचाव कार्य चल रहा था, जहां मजदूर कार्य में लगे हुए थे। वह मौके पर पहुंचकर मजदूरों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। तभी तुर्कवलियां गांव निवासी श्रवण कुमार यादव उर्फ कोइल वहां पहुंचा और अपशब्द कहते हुए विवाद करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने लाठी से हमला कर दिया। बचाव में उन्होंने अपना हाथ उठाकर लाठी को रोकने की कोशिश की तो उनके हाथ में गंभीर चोटें आई। आरोपी ने उनकी ट्राई साइकिल को भी लाठी से पीटकर तोड़ दिया। मजदूरों के आने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।