- कैंट इलाके में हुई घटना, पीड़ित की तहरीर पर जांच कर रही पुलिस
गोरखपुर। कैंट इलाके के बिलंदपुर में बुधवार को मनबढ़ों ने एक युवक को घेरकर पहले पीटा फिर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। कैंट पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बिलंदपुर निवासी अखिलेश सिंह अपने साथी कमलनाथ शुक्ला के साथ गाड़ी खरीदने के लिए नौसड़ के एक शोरूम में गए थे। एजेंसी में उपकरण को लेकर एक कर्मी से कहासुनी हो गई थी। मामला बढ़ने पर कंपनी मैनेजर ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद विवाद शांत हुआ और दोनों लोग वहां से नई गाड़ी खरीदकर निकल गए। इसके बाद मनबढ़ों ने अखिलेश सिंह का पीछा किया। जैसे ही वह बिलंदपुर स्थित अपने घर पर खाना खाकर बाहर निकले, घात लगाए हमलावरों ने हमला बोल दिया। मोहल्ले के लोगों के जुटने पर हमलावर मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। घायल अखिलेश सिंह का मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल में कराया गया है।