-13,999 विद्यार्थी पंजीकृत थे पहले दिन, 425 अभ्यर्थी पहले दिन रहे अनुपस्थित
- स्नातक सम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए जल्द जारी होगी समय सारिणी
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में बुधवार को वार्षिक और सम सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन दो पालियों में कुल
13,574 विद्यार्थी उपस्थित और 425 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान कहीं से कोई गड़बड़ी की शिकायत नहीं आई। इसके साथ ही डीडीयू उत्तर प्रदेश का पहला राज्य विश्वविद्यालय बन गया है, जहां सबसे पहले परीक्षाएं शुरू हुई हैं।
पहली पाली सुबह आठ से 11 बजे आयोजित हुई। इसमें 2007 उपस्थित और 46 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली दोपहर एक से चार बजे तक हुई। इसमें 11,567 उपस्थित और 73 विद्यार्थी अनुपस्थित थे। विश्वविद्यालय के आईसीटी सेल में स्थापित कंट्रोल रूम से सभी महाविद्यालयों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की गई। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने परीक्षा संचालन पर निगरानी रखी। परीक्षाओं के सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी संचालन के लिए विश्वविद्यालय की ओर से 11 नोडल केंद्र और 183 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इस सत्र में कला संकाय में नहीं होंगी परीक्षाएं
विश्वविद्यालय प्रशासन कला संकाय भवन का जीर्णोद्धार करा रहा है। ऐसे में इस सत्र की परीक्षाएं वहां नहीं होंगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि जब जुलाई में नया सत्र शुरू होगा, तब उस समय जीर्णोद्धार का कार्य पूरा हो जाएगा। इसके लिए परिसर में दूसरे भवनों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बुधवार को बड़ी संख्या में विद्यार्थी कला संकाय भवन पहुंचे। वहां जाने पर पता चला कि दूसरे केंद्रों पर परीक्षाएं हो रही हैं। विश्वविद्यालय परिसर में सुबह की पाली की परीक्षाएं दीक्षा भवन में हुईं। दूसरी पाली में दीक्षा भवन, वाणिज्य भवन, मजीठिया भवन और गृह विज्ञान विभाग में परीक्षाएं हुईं।
इस माह के अंत में शुरू होंगी स्नातक की परीक्षाएं
विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में स्नातक की परीक्षाएं अप्रैल के अंतिम हफ्ते से शुरू हो सकती हैं। स्नातक परीक्षाओं की समय सारिणी तैयार करीब तैयार कर ली गई है। समय सारिणी एक-दो दिन में जारी हो जाएगी।