फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: लंबे समय तक सर्दी-जुकाम सताए तो जांच जरूर कराएं

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार, टाइफाइड, मलेरिया, सांस फूलना, घुटनों के दर्द और अन्य मौसमी बीमारियों के इलाज के लिए पहुंचे।
विज्ञापन

सीमित संसाधनों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों का इलाज किया और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। मेले में डॉक्टरों ने मरीजों को बताया कि ठंड के मौसम में स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न बरतें। बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें और यदि लंबे समय तक सर्दी-जुकाम या बुखार बना रहे तो जांच जरूर कराएं।
सुबह 11 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा में डॉ. दयानंद मरीजों का इलाज करते मिले। इस दौरान मरीजों की लंबी कतार लगी रही। मरीज सरस्वती देवी ने बताया कि ठंड की शुरुआत होते ही उन्हें सांस फूलने की समस्या हो जाती है। इलाज के लिए वह आरोग्य मेले में पहुंचीं, जहां डॉक्टर ने आवश्यक दवाएं दीं और सुबह-सुबह टहलने की सलाह दी। वहीं मोहित कुमार ने बताया कि वह सर्दी-जुकाम और बुखार से परेशान थे। आरोग्य मेले में आने के बाद डॉक्टर ने उन्हें एक सप्ताह की दवा दी और सलाह दी कि सुबह-शाम गुनगुना पानी पीने से जल्द आराम मिलेगा।
विज्ञापन

दोपहर 12:30 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जहदा में डॉ. सौरभ सहानी मरीजों का इलाज करते मिले। यहां भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे। मरीज गीता देवी ने बताया कि उन्हें पिछले एक सप्ताह से बुखार है।
इलाज के लिए आरोग्य मेले में आईं, जहां डॉक्टर ने एक सप्ताह की दवा दी और कहा कि अगर आराम नहीं मिला तो टाइफाइड और मलेरिया की जांच कराई जाएगी। इसी केंद्र पर मरीज गोविंद ने बताया कि उन्हें मलेरिया बुखार है, जिसके लिए डॉक्टर ने दवा दी और सलाह दी कि दवा नियमित रूप से लेने पर जल्द आराम मिलेगा।
दोपहर 1:30 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रम्हौली पकड़ी में डॉ. मदनलाल चौरसिया मरीजों का इलाज करते मिले। इस दौरान कई मरीजों ने अपने अनुभव साझा किए। वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें घुटनों में तेज दर्द की शिकायत है। डॉक्टर ने दर्द निवारक दवा दी और सलाह दी कि अगर दर्द में सुधार न हो तो जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। वहीं मरीज अनारकली ने बताया कि उन्हें टाइफाइड बुखार और तेज खांसी की समस्या है। आरोग्य मेले में इलाज के दौरान डॉक्टर ने एंटीबायोटिक दवा और खांसी की सिरप दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें