बैठक में उपस्थित प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ।
गोरखपुर। प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने पशुओं के चिकित्सा को बेहतर बनाने के लिए 522 मोबाइल वैन प्रदेश को उपलब्ध कराया है। इस वैन में पशु चिकित्सकों के अलावा पशु उपचार के सभी उपकरण और दवाएं उपलब्ध रहेंगी। पशुपालक 1962 पर कॉल करेगा तो एक घंटे के अंदर वैन उनके दरवाजे पर पहुंच जाएगी और पशु का इलाज शुरू हो जाएगा। बताया कि जिले में बंद पड़ा पराग डेयरी प्लांट फरवरी तक हर हाल में शुरू हो जाएगा।
रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान पशुधन मंत्री ने कहा कि एक लाख लीटर क्षमता के आधुनिक पराग प्लांट को अब राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड चलाएगा। इसकी प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि पशु तस्करों पर सख्ती हो रही है। यही वजह है कि पहले कसाई को देख कर गोवंश कांपते थे। आज गोवंश को देख कर कसाई कांप रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई से बहुत से तस्कर भाग गए हैं या तो चलने लायक नहीं रह गए हैं। मंत्री ने कहा कि फोरलेन व हाईवे और शहर के किनारे के पशुओं के लिए रेडियम बेल्ट पहनाने का निर्देश दिया गया है, जिससे दुर्घटनाएं नहीं होंगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुना करने का हर संभव प्रयास कर रही है। सरकार का मानना है कि यदि किसान खेती के साथ पशुपालन करें तो उसकी आय में और बढ़ोतरी होगी। कहा कि अच्छी नस्ल की गाय दूसरे प्रांत से लाने पर पशुपालक को 40 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। यह अनुदान दो गायों तक मिलेगा। कहा कि प्रदेश की इकोनॉमी को एक ट्रिलियन बनाने का लक्ष्य है। उसमें पशुपालकों का अहम योगदान होगा।