अपने क्षेत्र की कैमरा रिकार्डिंग चेक करवाने आने वाले लौटते हैं निराश
गोरखपुर। नगर निगम के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) के तहत शहर में लगाए गए कई सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद पड़े हैं। ऐसे में सुरक्षा निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। वहीं, किसी घटना या विवाद के बाद अपने क्षेत्र की कैमरा रिकॉर्डिंग की जानकारी लेने पहुंचने वाले लोगों को भी निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, छात्रसंघ चौराहा, विश्वविद्यालय गेट, कचहरी क्षेत्र के एक हिस्से, कैंट चौराहा तथा फिराक चौक पर लगे कुछ सीसी कैमरे वर्तमान में काम नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा बेतियाहाता चौराहे के दो दिशाओं में स्थापित कैमरे भी बंद बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि शहर में नगर निगम की ओर से 20 से अधिक कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन इनमें से केवल कुछ कैमरों के माध्यम से ही निगरानी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, कैमरों की खराब स्थिति के कारण अपराध, दुर्घटना और यातायात संबंधी मामलों की जांच प्रभावित हो सकती है। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी का उद्देश्य भी पूरा नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया कि कैमरों की वास्तविक स्थिति और तकनीकी जानकारी इंजीनियरिंग विभाग से प्राप्त होगी। विभागीय रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कितने कैमरे चालू हैं और कितने खराब पड़े हैं।