फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gorakhpur News: तेनुआ टोल लिंक रोड पर बैरियर के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक

Wed, 22 Jul 2026 02:12 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोरखपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
पिपरौली (गोरखपुर)। गीडा क्षेत्र स्थित तेनुआ टोल प्लाजा के पास लिंक रोड पर बैरियर लगाने के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में सहजनवा के विधायक के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
विज्ञापन

मंगलवार दोपहर करीब दो बजे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी भारी वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए लिंक रोड पर बैरियर लगवा रहे थे। इसकी जानकारी होने पर तेनुआ निवासी जनार्दन यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और काम रुकवा दिया। स्थिति बिगड़ती देख गीडा पुलिस भी वहां पहुंची। पुलिस ने जनार्दन यादव को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। काफी देर तक मौके पर विरोध और बहस की स्थिति बनी रही।
ग्रामीणों का कहना था कि लिंक रोड पर बैरियर लगने से उनका सामान्य आवागमन प्रभावित होगा। गांव तक भूसा पहुंचाने वाले वाहन, फसल कटाई के लिए आने वाली कंबाइन मशीनें, स्कूल बसें और शादी-विवाह के सामान से जुड़े वाहन भी नहीं पहुंच पाएंगे। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। वहीं, एनएचएआई अधिकारियों का कहना था कि बैरियर लगाने की कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की जा रही थी। विरोध के बाद काम रोक दिया गया और अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी।
विज्ञापन


विधायक के आश्वासन पर माने ग्रामीण
प्रदर्शन के दौरान वहां से गुजर रहे सहजनवा के विधायक ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि नौसढ़-खजनी मुख्य मार्ग स्थित खानीपुर अंडरपास की जर्जर सड़क को लोक निर्माण विभाग के माध्यम से तीन दिन के भीतर ठीक कराया जाएगा। इसके बाद ही बैरियर लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। विधायक के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस दौरान हरेन्द्र यादव, अर्जुन यादव, सोनू मौर्य, मनेही कन्नौजिया और राकेश राय समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें