नगर आयुक्त ने बरगदवां, महेसरा क्षेत्र में नाला सफाई का किया निरीक्षण
तेजी से नाला सफाई करने के दिए निर्देश, कहा जलभराव की न हो कहीं समस्या
गोरखपुर। नगर आयुक्त अजय जैन ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर से लच्छीपुर, बरगदवा, मोहरीपुर होते हुए महेसरा तक बड़े नाले की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नाला सफाई में और कितना दिन लगेगा, इसे जल्द पूरा करें। काम में देरी नहीं चलेगी।
निरीक्षण के दौरान डीआर केमिकल पुलिया पर खुले नाले की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने वहां बैरिकेडिंग कराने और नाले पर स्लैब लगाने के निर्देश दिए। मौके पर नाले का बहाव बाधित मिला, जिस पर नाले में जमा सिल्ट को तत्काल निकलवाने के निर्देश अधिशासी अभियंता को दिए। इसके बाद नगर आयुक्त ने द्वारिकापुरी कॉलोनी होते हुए रोहिणी नदी में जाने वाले ह्यूम पाइप का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर खुले नालों पर स्लैब रखने तथा ह्यूम पाइप की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या कहीं नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त व जोनल अधिकारी अविनाश प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता अमरनाथ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।