सम्मानित विजेताओं के साथ मुख्य अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला।
वन एवं जंतु उद्यान मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि अगले साल एक दिन में 30 करोड़ पौधे लगाकर हम अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में मौजूदा साल में 25 करोड़ पौधे लगाकर हमने इतिहास रचा था। वन मंत्री शनिवार को रोटरी क्लब व अमर उजाला की 'गो ग्रीन ग्रो ग्रीन' प्रतियोगिता के विजेताओं के सम्मान समारोह में गोरखपुर के सर्किट हाउस के एनेक्सी भवन में मौजूद थे। बागवानी की यह प्रतियोगिता अलग-अलग वर्गों में आयोजित की गई थी। इसमें बागवानी के शौकीनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। इस दौरान वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहले वन क्षेत्र छह प्रतिशत से कम था। अब बढ़कर नौ प्रतिशत से ज्यादा हो गया है। कोशिश है कि हम उत्तर प्रदेश की पहचान हरित प्रदेश के रूप में स्थापित कर सकें।
वन मंत्री के हाथों सम्मानित होकर खिले विजेताओं के चेहरे
रोटरी क्लब और अमर उजाला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘गो ग्रीन-ग्रो ग्रीन’ प्रतियोगिता के विजेताओं का हौसला वन एवं जंतु उद्यान मंत्री दारा सिंह चौहान, भाजपा सांसद रवि किशन शुक्ला और राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद ने बढ़ाया। एनेक्सी भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि ने छह वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को ट्राफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सभी विजेताओं ने हरियाली की अनूठी मुहिम को आगे भी इसी रफ्तार से बढ़ाने का संकल्प लिया।
gorakhpur news
- फोटो : अमर उजाला।
कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों ने दीप जलाकर की। इसके बाद गोरखपुर पब्लिक स्कूल के नौनिहालों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा नृत्य ...न काटो मुझे बड़ा दुखता है पेश कर वाहवाही लूटी। गोरखपुर रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटरी अरविंद विक्रम चौधरी ने ‘गो ग्रीन-ग्रो ग्रीन’ प्रतियोगिता के साथ-साथ वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘मेरा गोरखपुर-ग्रीन गोरखपुर’ अभियान की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पर्यावरणविद प्रो. एसएस दास, प्रदीप कुमार सत्यदेव, प्रो. रामजी सिंह परमार, शालिनी श्रीवास्तव ने पर्यावरण संरक्षण की अहमियत पर प्रकाश डाला। शहर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि निश्चित तौर पर विकास जरूरी है। इसके लिए पेड़-पौधे काटे भी जा रहे हैं, लेकिन एक पेड़ के बदले पांच पेड़ लगाए भी जा रहे हैं।
राज्यसभा सांसद जयप्रकाश निषाद ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हमें अपने पूर्वजों के ज्ञान को भी आत्मसात करना चाहिए। संचालन शिवेंद्र सिंह और कीर्ति चोपड़ा ने किया। इस दौरान राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी, व्यापारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, मुख्य वन संरक्षक भीमसेन, चेयरमैन प्लांटेशन मांधाता सिंह, सचिव मनीष जायसवाल, गोरखपुर पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर चारू चौधरी, निधि जालान भी मौजूद रहीं।
फरवरी में आयोजित होगा बर्ड फेस्टिवल
वन मंत्री ने कहा कि पर्यटन और इको टूरिज्म के लिहाज से गोरखपुर बहुत ही बेहतर विकल्प बनने जा रहा है। राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी पहचान स्थापित होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए फरवरी में गोरखपुर में बर्ड फेस्टिवल का आयोजन करने की कोशिश की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों को इस आयोजन को मूर्त रूप देने का निर्देश भी दिया गया है। यह आयोजन पहली बार गोरखपुर में होगी।
उत्कृष्ट गार्डेनिंग का नमूना पेश करने वाले कई और सम्मानित
उत्कृष्ट गार्डेनिंग का नमूना पेश करने वाले कई और शौकीनों को सम्मानित किया गया। इसमें डॉ. अनुपमा सिंह, मुकुल गुप्ता, पंडित नरेंद्र उपाध्याय, चेरी मोहन सेठ, प्रवीन तिवारी, शिप्रा श्रीवास्तव, बीना श्रीवास्तव, लीनि श्रीवास्तव, अभिषेक सिंह, चारू चौधरी का नाम प्रमुख रूप से शामिल है।
‘मेरा गोरखपुर-ग्रीन गोरखपुर’ अभियान से जुड़े इन लोगों का हुआ सम्मान
नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह, डॉ. शिवशरण दास, पुरुषोत्तम दास रामरायका, मनीष मेहरोत्रा, हरिटेज फाउंडेशन, सृंजय मिश्रा, सुधीर राय, डॉ. अजय कुमार, दुर्गेश त्रिपाठी, डॉ. सत्यपाल सिंह, अरविंद चौरसिया, अजय कुमार शुक्ला, विशेष पाठक, गुड्डू मल्ल, डॉ. दिनेश सिंह सारथी, सुधांशु चंद्र वर्मा, विराज चौधरी, प्रेम चंद जायसवाल, विरेंद्र कुमार श्रीवास्तव और जय प्रकाश पांडेय।