संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी। नगर क्षेत्र में होली मंगलवार को मनाए जाने की सूचना के कारण सोमवार को नगर में इक्का दुक्का लोग होली खेलते देखे गए। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को होली का पर्व हर्षोल्लास और परंपरागत तरीके से मनाया गया।
सुबह से ही होली शुरू हो गई और बच्चों-युवाओं, महिलाओं की टोली अलग-अलग एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली खेलने में मस्त हो गई। लोगों के घरों में होली पर विशेष व्यंजन बनाए गए और लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। होली को लेकर लोगों में काफी उल्लास देखा गया। सभी धर्मों व वर्ग के लोगों ने होली पर्व पर बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और एक-दूसरे के घर पहुंचकर होली की बधाई दी और गुलाल लगाया। प्रशासन होली के दिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काफी सतर्क रहा। एसडीएम कुणाल, सीओ सतीश चंद्र पांडेय के आदेश पर सभी चौराहों पर पुलिस व्यवस्था सख्त दिखी और लगातार पुलिस गश्त चलता रहा।