- कर्महा बुजुर्ग चौराहे पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका, जमकर नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
भटहट। बांग्लादेश में हालिया घटनाक्रम के विरोध में मंगलवार को गुलरिहा थाना क्षेत्र के कर्महा बुजुर्ग चौराहे पर हिंदूवादी संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री युनुस खान का पुतला दहन कर आक्रोश जताया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “बांग्लादेश मुर्दाबाद” और “युनुस खान मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। उनका कहना था कि बांग्लादेश में रह रहे हिंदू समुदाय के लोगों के साथ अत्याचार हो रहा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिंदूवादी नेताओं ने भारत सरकार से बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए कड़े और प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि यदि बांग्लादेश सरकार हिंदुओं की सुरक्षा करने में असफल रहती है, तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसका विरोध दर्ज कराया जाना चाहिए। प्रदर्शन में हिंदू युवा वाहिनी के ब्लॉक अध्यक्ष कपिलपति तिवारी, सुधीर सिंह, गिरिजेश मिश्रा, संतोष कुमार, ध्यानचंद मद्धेशिया सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे। मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा और स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बनी रही।