कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के प्रति स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क किया है। सीएमओ डॉ. सुधाकर पांडेय ने कहा कि नए वेरिएंट से टीका और प्रोटोकॉल का पालन ही बचाएगा। जिन लोगों ने टीके की दूसरी डोज नहीं ली है, वे जहां कहीं भी हों, वहीं पर टीकाकरण करवा लें।
डॉ. सुधाकर पांडेय ने कहा कि टीका लगवाने के बावजूद मास्क, दो गज की दूरी, हाथों की स्वच्छता, लक्षण दिखने पर जांच जैसे उपायों से ही कोविड की रोकथाम की जा सकती है। कार्यालय, रोड, शादी, समारोह हर जगह इन नियमों के प्रति सचेत रहे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि जिले के करीब 2.50 लाख लोगों ने अब भी टीके की दूसरी डोज नहीं लगवाई है। ऐसे लोग अपने नजदीकी बूथ से दूसरी डोज लगवा सकते हैं। अगर प्रदेश से बाहर चले गए हैं तो वहां भी दूसरी डोज लगवा सकते हैं। इसके लिए पहली डोज के समय रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और पहचान पत्र की आवश्यकता होगी।
गर्भवत्री व धात्री भी लगवाएं टीका
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि कोरोना का टीका मां और बच्चे दोनों को प्रतिरक्षण प्रदान करता है। धात्री महिलाओं पर भी टीके का कोई दुष्प्रभाव नहीं पाया गया है। इसलिए समय रहते गर्भवती और धात्री महिलाएं भी टीका जरूर लगवाएं।