हरियाणा की टीम के साथ सीएम योगी।
- फोटो : अमर उजाला।
ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइजमनी कबड्डी प्रतियोगिता के खिताब पर हरियाणा ने कब्जा जमाया है। शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में हरियाणा ने उत्तर प्रदेश को 43-31 अंकों के अंतर से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजेता टीम को दो लाख रुपये की प्राइजमनी और ट्रॉफी प्रदान कर हौसला बढ़ाया।
खिताबी मुकाबले की शुरुआत में दोनों ही टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। मगर आगे चलकर हरियाणा की टीम ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए जीत हासिल की। हरियाणा की तरफ से मोहित ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम के लिए 10 अंक अर्जित किए। रौनक ने आठ अंक अर्जित कर टीम को जीत दिलाई। उत्तर प्रदेेश की ओर से आजाद सिंह ने 10 ओर मोहित बालियान ने पांच अंक अर्जित किया।
इस अवसर पर यूपी हॉकी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरज सिंह हरीश, भारतीय कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव आदित्य प्रताप सिंह आगू, उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव राजेश सिंह, अरुणेश शाही, अंतरराष्ट्रीय पहलवान दिनेश सिंह, चंद्रविजय सिंह, पन्नेलाल यादव, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर, आजाद सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
ये मिला पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने विजेता हरियाणा टीम को दो लाख की नगद धनराशि के साथ ट्रॉफी और मेडल, उपविजेता उत्तर प्रदेश को एक लाख नगद और ट्रॉफी प्रदान की। इसके साथ ही तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से रही जाट रेजिमेंट और केएसएस नैन बागपत को 50-50 हजार रुपये नगद प्रदान किया।