अब 15 अप्रैल तक खेतों में स्ट्रा रीपर (भूसा बनाने वाली मशीन) नहीं चला सकेंगे। गेहूं की फसल में आग लगने की घटनाओं के मद्देनजर गोरखपुर जिला प्रशासन ने स्ट्रा रीपर के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। यदि कहीं मशीन चलती हुई मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। जिले में रविवार को 25 स्थानों पर फसल में आग लगने से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि फसल काटने और भूसा बनाने वाली मशीन से निकलने वाली चिंगारी के कारण फसल में आग लग रही है।
डंठल से भूसा बनाने के दौरान चिंगारी निकलकर बगल के खेत में खड़ी फसल को जला दे रही है। यह बात सामने आते ही जिला प्रशासन ने इस मशीन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। दिन में चल रही तेज हवा के कारण आग और तेजी से फैल रही है।