गोरखपुर जिले में बांसगांव थाना क्षेत्र के कौड़ीराम कस्बे में मंगलवार की रात बस में सवार कुछ युवक किराए मांगने पर चालक एवं परिचालक को पीटकर फरार हो गए। चालक सुदामा प्रसाद व परिचालक रविशंकर कुमार त्रिपाठी की ओर से कौड़ीराम पुलिस को अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, सोनौली डिपो की बस वाराणसी जा रही थी। कुछ युवक गोरखपुर से बस में कौड़ीराम के लिए चढ़े। रास्ते में मुफ्त सफर से रोकने पर परिचालक से विवाद हो गया।
कौड़ीराम में उतरते समय मनबढ़ों ने परिचालक की पिटाई शुरू कर दी, बीच बचाव करने पहुंचे ड्राइवर को भी पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची कौड़ीराम पुलिस ने दोनों घायलों का उपचार कराया और बस डेढ़ घंटे बाद अपने गंतव्य को रवाना हुआ।