बताया जा रहा है कि जिस दिन गीडा में दो करोड़ रुपये की फेंसिडिल सिरप पकड़ी गई थी, उस दिन गुप्ता बंधु को पकड़ने वाली टीम में शामिल किसी सदस्य ने इनाम के तौर पर अच्छी खासी रकम की मांग की थी। यही कारण है कि पहले गुप्ता बंधु दो लाख रुपये में सौदा सेट करना चाह रहे थे। किसी ने 15 लाख रुपये लेकर आने को कहा, जिस पर दोनों भाइयों ने मुकेश नाम के एक कर्मचारी को भेजा। लेकिन, तब तक मामला मीडिया सहित प्रदेश के आला अधिकारियों तक पहुंच गया था। अब चर्चा यह है कि किसने रुपये लेकर बुलाया था।
नकली दवाओं की बात भी आ रही सामने
बताया जा रहा है कि भालोटिया से नशीली दवाओं के साथ नकली दवाओं का खेल भी चलता है। जिस कांपलेक्स में गुप्ता बंधु की दुकानें हैं, उसी में नकली दवाओं का कारोबार करने वाले एक बड़े व्यापारी की भी दुकानें हैं। यही वजह है कि गुप्ता बंधु के साथ उस व्यापारी का गठजोड़ तगड़ा हो गया है। बताया जाता है कि दोनों व्यापारी नेपाल के तराई के एक बड़े होटल में कैसीनों खेलने जाते हैं। इसके अलावा विभाग के एक कर्मचारी को भी अक्सर घुमाने ले जाते हैं।
लाइसेंस निरस्त करने के लिए भेजा जाएगा नोटिस
सहायक औषधि आयुक्त एजाज अहमद ने बताया कि मामले में गुप्ता बंधु आशीष मेडिकल एजेंसी और आशीष ट्रेडर्स का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। इसके लिए दोनों फर्मों को नोटिस जारी किया जाएगा। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों ने अपने कर्मियों के नाम पर भी कई लाइसेंस बनवा रखे हैं।
पुलिस की सुस्ती पर सवाल
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस दोनों दवा व्यापारी भाइयों को अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जबकि, संतकबीरनगर से लेकर गीडा और आगरा तक में इन व्यापारियों के चर्चे हैं। पुलिस की मेहरबानी पर लोग हैरान हैं और तरह तरह के सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों भाई शहर में लुकाछिपी का खेल पुलिस की ही मदद से खेल रहे हैं।
यह है मामला
ड्रग विभाग ने सात अगस्त को गीडा थाना क्षेत्र के गुप्ता बंधु के गोदाम से दो करोड़ रुपये की फेंसिडिल कफ सिरप बरामद की थी। मामले में पहले दिन छह लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था। साथ ही संतकबीरनगर जिले में उसी दिन गुप्ता बंधु के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया था। रविवार को गीडा थाना पुलिस ने भी गुप्ता बंधु समेत आगरा के दवा व्यापारी अमित गोयल उर्फ तिलकधारी और उसके भाई अनुज गोयल उर्फ काके के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया था।