चिड़ियाघर में तैनात डिप्टी रेंजर चंद्रभूषण पासवान पर शराब के नशे में अतिथियों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। मामले में दो बिंदुओं पर जांच और कार्रवाई के लिए निदेशक ने पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ को पत्र लिखा है।
चिड़ियाघर में 29 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें लखनऊ, कानपुर, दुधवा के अलावा पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ के प्रदेश स्तरीय बड़े अधिकारी शामिल होने आए थे। अधिकारियों के रुकने का इंतजाम सर्किट हाउस, चिड़ियाघर अतिथि घर और होटल में किया गया था। अधिकारियों के साथ आए स्टाफ जैसे ड्राइवर, अर्दली आदि के रुकने के लिए चिड़ियाघर आवासीय क्षेत्र के टाइप सी ब्लाक के दस आवासों में इंतजाम किया गया था। चिड़ियाघर के निदेशक राजामोहन ने बताया कि 28 जुलाई की रात सभी रुके थे।
आरोप है कि रात 10 बजे के करीब चिड़ियाघर के डिप्टी रेंजर चंद्रभूषण पासवान आवासीय क्षेत्र में आए। जिन कमरों में मेहमान सो रहे थे उसमें जाकर सभी को जगाने लगे। उठने से मना करने पर दुर्व्यवहार करने लगे। सभी अतिथियों ने आरोप लगाया है कि चंद्रभूषण नशे में थे और समझाने के बाद भी मानने के लिए तैयार नहीं थे। सबसे अधिक गलत व्यवहार कर्तिनायघाट से आई टीम के सहयोगियों के साथ किया। लखनऊ चिड़ियाघर से आए एसडीओ अबू हसन के अर्दली के साथ भी डिप्टी रेंजर ने दुर्व्यवहार किया था। मामले की शिकायत मिलने के बाद ही उसके जांच के लिए पत्र लिखा गया है।
प्रदेश में पहली बार इतने भव्य तरीके से अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस मनाया गया। ऐसे कार्यक्रम में जब प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से अतिथि आए थे, तो उनके साथ ऐसा व्यवहार होने से चिड़ियाघर की छवि धूमिल होती है। मामला संज्ञान में आते ही कार्रवाई के लिए लिखा है। - डॉ राजामोहन, निदेशक चिड़ियाघर
बीती 28 जुलाई को गोरखपुर पहुंचे अतिथियों से साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप एक डिप्टी रेंजर पर लगा है। मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह गलत है कि आपके घर (चिड़ियाघर) अतिथि आएं और आप स्वागत करने की जगह उनसे गत बर्ताव करें। - पीके दूबे, पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ
आरोप पूरी तरह गलत हैं। जो लोग रुके थे, वे एसी कमरे की मांग कर रहे थे। बाहर से खाने के लिए उन्होंने अतिरिक्त रुपये की मांग की थी। सभी को बाहर से खाने के लिए रुपये दे देते तो ठीक होता। हमने अपना जवाब लिखित में दे दिया है। - चंद्रभूषण पासवान, डिप्टी रेंजर चिड़ियाघर