गीडा में ग्रीन अमोनिया प्लांट भी लगेगा। इसपर करीब 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश किया जाएगा। इस निवेश से 10 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल सकेगा। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईसी) 2023 के तहत इस संबंध में प्रस्ताव मिला है।
इसके साथ ही गीडा को अब तक करीब 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव मिल चुका है। कुछ प्रस्ताव यूपी निवेश के जरिये प्राप्त हुए हैं तो कुछ सीधे गीडा को मिले हैं। वहीं, अब तक उद्यमियों द्वारा 108 मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) साइन किए जा चुके हैं।
हरित अमोनिया का उत्पादन वहां होता है जहां अमोनिया बनाने की प्रक्रिया 100 प्रतिशत नवीकरणीय और कार्बन मुक्त होती है। ग्रीन अमोनिया के उत्पादन में हाइड्रो इलेक्ट्रिक, सौर ऊर्जा या पवन टर्बाइन का उपयोग किया जाता है। वैश्विक आबादी के लिए खाद्यान्न उपलब्ध कराने, कार्बन डाई आक्साइड मुक्त ऊर्जा उत्पादन एवं पर्याप्त भोजन का उत्पादन करने की मौजूदा चुनौतियों से निपटने में हरित अमोनिया महत्वपूर्ण है।