एमएमएमयूटी में आयोजित स्टार नाइट के दौरान झूमतीं छात्राएं।
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित वार्षिक कला, साहित्य व सांस्कृतिक महोत्सव ‘अभ्युदय-26’ का रविवार को समापन हो गया। इंडियन आइडल के फाइनलिस्ट रहे सुधांशु राज खरे समापन कार्यक्रम का आकर्षण रहे। उनके गीतों पर मालवीयंस देर रात तक झूमते रहे।
आयोजन के तीसरे व अंतिम दिन परिसर में ऊर्जा, प्रतिस्पर्धा और रचनात्मकता का संगम दिखा। कार्यक्रम की शुरुआत ‘स्प्लैश’ से हुई, जहां रंग और उमंग ने माहौल को जीवंत कर दिया। इसके बाद ‘रेडर जोन’ के फाइनल में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ‘ग्लेयर द अर्थेनवेयर’ में मिट्टी की कलाकृतियों ने आकर्षित किया, वहीं ‘स्पीलबर्ग’ में विद्यार्थियों ने फिल्म निर्माण की रचनात्मक झलक पेश की। ‘डबल ट्रबल’ में टीम वर्क और तालमेल का प्रदर्शन देखने को मिला।
नाट्य विधाओं में ‘इम्प्रोवमेनिया’, ‘कर्टेन कैओस’ और ‘ग्रेशिंग जेस्चर्स’ ने दर्शकों को बांधे रखा। ‘बंदिश’ के सुरों ने वातावरण को मधुर बनाया, जबकि ‘रैपक्षेत्र’ में जोश और शब्दों की ऊर्जा ने युवाओं को रोमांचित किया। ‘क्ले मॉडलिंग’ व ‘टोट बैग पेंटिंग’ में भी प्रतिभागियों की सृजनात्मकता सामने आई।