गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक (एमएलसी) निर्वाचन के लिए तैयारियां तेज हो गईं हैं। एक तरफ जहां निर्वाचन आयोग ने वोटर लिस्ट को लेकर कवायद शुरू कर दी, वहीं, दावेदारों ने जगह-जगह बैनर-होर्डिंग लगाने के साथ ही अभी से वोटरों को सहेजने का काम भी शुरू कर दिया है।
जनवरी-फरवरी 2023 में प्रस्तावित इस चुनाव के लिए एक अक्तूबर 2022 से वोटर लिस्ट बनाने का काम शुरू हो जाएगा। नए सिरे से वोटर लिस्ट बनाई जाएगी और उसमें दर्ज वोटर ही मतदान कर सकेंगे।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत पांच मंडल गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़, फैजाबाद और देवीपाटन मंडल के 17 जिलों के स्नातक वोटर मतदान कर सकेंगे। एक नवंबर 2022 से तीन साल पहले स्नातक की डिग्री हासिल करने वाले ही मतदाता बन सकेंगे।
निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक वोटर लिस्ट तैयार करने के लिए एक अक्तूबर 2022 को नोटिफिकेशन जारी होगा। सात नवंबर 2022 तक वोटर बनने के लिए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि तय की गई है।
19 नवंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट तैयार करने और 23 नवंबर को मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन होगा। 23 नवंबर से नौ दिसंबर तक आपत्ति और उसके निस्तारण व 30 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। कमिश्नर गोरखपुर इस निर्वाचन के रिटर्निंग ऑफिसर हैं। वर्तमान में भाजपा के देवेंद्र प्रताप सिंह, गोरखपुर- फैजाबाद स्नातक क्षेत्र से एमएलसी हैं।
गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक क्षेत्र में ये जिले आएंगे
बहराईच, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अमेठी, अयोध्या, कुशीनगर, आंबेडकर नगर, श्रावस्ती, बलरामपुर और संतकबीरनगर।