नगर आयुक्त अविनाश सिंह की संस्तुति पर शासन ने नगर निगम के टैक्स इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार पांडेय को निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें कार्यालय से संबद्ध किया गया है। नगर निकाय निदेशालय की सहायक निदेशक सविता शुक्ला को जांच अधिकारी बनाया गया है।
टैक्स इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार पांडेय बिना अवकाश लिए लखनऊ चले गए। इस बीच अपने सगे साले को टैक्स वसूली की जिम्मेदारी दे दी थी। टैक्स इंस्पेक्टर की जगह साला हैंडहेल्ड मशीन से टैक्स वसूली करता रहा। इसकी जानकारी होने के बाद नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने टैक्स इंस्पेक्टर के निलंबन की संस्तुति की थी।
इसे भी पढ़ें: बच्चा चोरी के संदेह में कार सवार दंपती समेत तीन को पीटा, पुलिस ने बचाया, पहले हुई ये घटनाएं
दरअसल, नगर निगम के वार्डों में चल रहे जीआईएस सर्वे को लेकर 23 अगस्त को बैठक हुई थी। इसमें अनुपस्थित रहे टैक्स इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार पांडेय को नगर आयुक्त ने बैठक से ही फोन कर लोकेशन पूछा। टैक्स इंस्पेक्टर ने कहा कि वे अपने घर पर हैं।
नगर आयुक्त ने टैक्स इंस्पेक्टर को तत्काल बैठक में आने को कहा, लेकिन बैठक में नहीं पहुंचे। छानबीन शुरू हुई तो पता चला कि वह 20 अगस्त से ही लखनऊ में हैं। इसके बावजूद उनको आवंटित हैंडहेल्ड मशीन से टैक्स जमा हो रहा है।
नगर आयुक्त ने बताया कि टैक्स इंस्पेक्टर को निलंबित कर अनुशासनिक कार्रवाई के लिए स्थानीय निकाय निदेशालय को पत्र लिखा था। अब शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है।