गोरखपुर। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव को प्रदेश स्तर पर अहम जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश शासन ने उन्हें लखनऊ स्थित नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान (यूआरटीआई) के प्रबंध मंडल (मैनेजमेंट बोर्ड) का सदस्य मनोनीत किया है। नगर विकास विभाग की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है।
नगर विकास विभाग के विशेष सचिव प्रवीण कुमार लक्षकार की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, उनका कार्यकाल नियुक्ति की तिथि से एक वर्ष या संस्थान की नियमावली में वर्णित प्रावधानों के अनुसार प्रभावी रहेगा। नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान प्रदेश के शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण, क्षमता विकास, शोध व नगरीय प्रशासन से जुड़े विषयों पर कार्य करने वाली प्रमुख संस्था है। प्रबंध मंडल के सदस्य के रूप में डॉ. मंगलेश प्रदेश में नगरीय विकास, सुशासन और स्थानीय निकायों से जुड़े नीतिगत एवं प्रशिक्षण संबंधी विषयों पर अपनी भूमिका निभाएंगे।