लॉकडाउन के बीच गोरखपुर की 37 पंचायतों को वर्ष 2016-17 के परफार्मेंस ग्रांट का 300 करोड़ से अधिक का फंड आवंटित हुआ है। मगर पंचायतें इसका इस्तेमाल लॉकडाउन के बाद ही कर पाएंगी। अभी जिले की सभी 1352 ग्राम पंचायतें वर्ष 2020-21 की कार्ययोजना बनाने में जुटी हैं।
विज्ञापन
शासन से निर्देश है कि हर हाल में 31 मई कार्ययोजना तैयार हो जाए ताकि पंचायतों के महत्वपूर्ण काम न बाधित हों। इसके बाद ही परफार्मेंस ग्रांट से होने वाले कामों की तैयारी शुरू हो पाएगी। पंचायतों को पहले कार्ययोजना तैयार करनी होगी इसके बाद जिला स्तरीय कमेटी उसका परीक्षण कर अपनी स्वीकृति देगी। तब वह कार्ययोजना राज्य स्तरीय कमेटी के पास जाएगी।
कमेटी की स्वीकृति के बाद ही काम शुरू हो सकेगा। वह भी पहले चरण में संबंधित ग्राम पंचायतों को 50 लाख रुपये ही शासन की तरफ से स्वीकृत किए जाएंगे। यानी परफार्मेंस ग्रांट पाने वाली पंचायतें पहले 50 लाख रुपये का ही काम करा सकेंगी। काम की जांच होने के बाद होने के बाद ही वे अगली कार्ययोजना तैयार कर फिर ग्रांट की मांग कर सकेंगी।
विज्ञापन
Trending Videos
क्या है परफार्मेंस ग्रांट
लॉकडाउन के बीच अभी 50 फीसदी क्षमता के साथ ही काम शुरू किए जा रहे हैं। ऐसे में संक्रमण का खतरा और पारदर्शिता के लिए शासन स्तर से तय कसौटी पर खरा उतरने पर ही पंचायतें परफार्मेंस ग्रांट का इस्तेमाल कर सकेंगी। पंचायतीराज विभाग का भी मानना है कि अब लॉकडाउन के बाद ही इस फंड से काम शुरू हो सकेगा।
जो ग्राम पंचायतें अपनी परिसंपत्तियों जैसे दुकान, तालाब का पट्टा, बाजार आदि से धन अर्जित करती हैं वह परफार्मेंस ग्रांट हासिल करने की पात्र होती हैं। इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा 14वें वित्त के तहत यह ग्रांट मुहैया कराई जाती है।
परफार्मेंस ग्रांट से ये काम करा सकती हैं पंचायतें
संपर्क मार्ग, आंतरिक सड़कें/ गलियां, ड्रेनेज, एलईडी स्ट्रीट लाईट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, शुद्ध पेयजल व्यवस्था के कार्य व भूगर्भ जल रीचार्ज के काम, ग्रे वॉटर मैनेजमेंट, लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट, सैप्टेज मैनेजमेंट, वॉटर बॉडी रिजुवेशन, लैंड स्केपिंग, पार्क का विकास एवं पौधरोपण, खेल का मैदान या ओपन जिम, स्कूलों का सुदृढ़ीकरण व स्मार्ट क्लासेज, ग्राम पंचायतों के कार्यों को सुचारू रुप से चलाने के लिए जरूरी अवस्थापना सुविधाओं का विकास
भटहट ब्लॉक का जंगल हरपुर 10.09 करोड़, कैंपियरगंज का चौमुखा 11.97 करोड़, चरगांवा का जंगल तिनकोनिया नंबर एक 11.76 करोड़, परमेश्वरपुर 19.72 करोड़, जंगल कौड़िया का तुर्कवलिया 12.18 करोड़, खजनी का भेउसा उर्फ बनकटा 18.62 करोड़, पिपराइच का रूद्रपुर 17.63 करोड़, पिपरौली का जंगल रानी सुहास कुंवारी 25.53 करोड़, भौंवापार 16.64 करोड़, सहजनवां का भडसार 14.23 करोड़
डीपीआरओ हिमांशु शेखर ठाकुर ने बताया कि जिले की 37 पंचायतों को 300 करोड़ से अधिक का परफार्मेंस ग्रांट मिला है। इनमें से कुछ अभी कार्ययोजना तैयार करने में जुटी हैं। इसके बाद पहले जिले स्तर फिर राज्य स्तर से स्वीकृति मिलने पर ही पंचायतें ग्रांट का इस्तेमाल कर सकेंगी। पहले चरण में प्रत्येक पंचायत को 50 लाख रुपये ही मिलेंगे। सभी की कार्ययोजना तैयार होने में अभी थोड़ा और समय लगेगा।