विधानसभा चुनाव 2022 का बिगुल बजने से पहले शासन-प्रशासन परफार्मेंस ग्रांट से होने वाले कामों को पूरा करा लेना चाहता है। इसे लेकर प्रक्रिया तेज कर दी गई है। गोरखपुर के सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने चेताया कि शासन से जारी गाइडलाइन के मुताबिक गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए तेजी से काम पूरे कराए जाएं।
जिले में विकास कार्यों के लिए परफार्मेंस ग्रांट पाने वाली ग्राम पंचायतों को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। 32 गांवों में फिलहाल इस बजट से काम चल रहा है। यहां के डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को राज्य स्तरीय कमेटी से मंजूरी मिल चुकी है। स्थानीय स्तर पर प्रोजेक्ट वार एस्टीमेट को तकनीकी मंजूरी देने का काम भी शुरू हो चुका है।
बता दें कि अपने संसाधनों से आय अर्जित करने वाली जिले की 37 ग्राम पंचायतों को परफार्मेंस ग्रांट आवंटित किया गया था। इनमें से पांच पंचायतें नगर निगम क्षेत्र में शामिल हो गईं, इसलिए 32 ग्राम पंचायतों में इसके तहत कार्य कराए जा रहे हैं।
प्रथम किस्त के रूप में 50-50 लाख रुपये भी जारी किए जा चुके हैं। इन कार्यों को समय से पूरा कराने के लिए शासन स्तर से भी चार सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। स्थानीय स्तर पर सीडीओ इंद्रजीत सिंह और डीपीआरओ हिमांशु शेखर ठाकुर सीधे नजर रख रहे हैं। चार पंचायतों में परफार्मेंस ग्रांट से होने वाले कामों में अनियमितता सामने आने के बाद प्रशासन सतर्क है। इस संबंध में सीडीओ ने मंगलवार को संबंधित एडीओ पंचायत, सचिव व प्रधानों की बैठक बुलाई थी। उन्होंने काम में तेजी लाने के साथ ही यह भी हिदायत दी कि कहीं भी अनियमितता सामने आती है तो संबंधित पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।