बारिश शुरू होने पर भागता हुआ आ रहा था घर
महावीर छपरा (गोरखपुर)। गीडा थाना क्षेत्र के हरदिया गांव के बाग में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने गए सोनू भारती (17) पर बिजली (आकाशीय) गिर गई। रविवार सुबह 10 बजे घटना की जानकारी परिजनों को मिली तो वे तत्काल पहुंचकर किशोर को जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चंद्रिका भारती ने बताया कि उनका पुत्र दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने के लिए ओबा माई मंदिर के पास बाग में गया था। इसी बीच बारिश शुरू हुई तो घर की ओर भागा। रास्ते में बिजली गिरी तो उसकी चपेट में आ गया। सोनू तीन भाई-बहनों में मझला था। उसका बड़ा भाई 12वीं का छात्र है जबकि सोनू 11वीं में था। छोटी बहन कक्षा 8 में पढ़ती है। बताया कि वह मजदूरी करते हैं। सोनू की मां विद्यावती देवी गृहिणी हैं।
इधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। देर शाम उसका नौसड़ राजघाट में अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों की मानें तो सोनू जब घर लौट रहा था तो उसकी जेब में मोबाइल था।