गोला। गोला-कौड़ीराम मार्ग पर गोला क्षेत्र के चिलवां में सोमवार की रात कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के बेलनापार गांव निवासी अजय शर्मा (24) पुत्र शिवानंद शर्मा गांव के मित्र को कौड़ीराम में छोड़ने के लिए बाइक से गया था। रात लगभग आठ बजे वह घर लौट रहा था। वह चिलवां गेट के पास पहुंचा था, तभी सामने से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। इस घटना में अजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके का लाभ उठाकर कार सवार फरार हो गया। घायल को इलाज के लिए ले जाया जाता, उससे पहले मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसकी शादी हो चुकी थी। उसकी एक वर्ष की पुत्री है। वह घर पर रहकर ही मजदूरी करता था। घटना के वक्त उसने हेलमेट नहीं पहना था।