उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निर्माणाधीन चिड़ियाघर का काम 95 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। कार्यदाई संस्था ने सेंट्रल जू अथॉरिटी को डिमांड ड्राफ्ट भी भेज दिया है। इस हफ्ते ही टीम आकर निगरानी कर सकती है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों गोरखपुर प्रवास के दौरान समीक्षा बैठक में चिड़ियाघर निर्माण से जुड़ी टीम को बुलाया था। मुख्यमंत्री ने साफ कहा था कि अक्तूबर महीने के अंत तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाए।
कार्यदाई योजना निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक डीबी सिंह ने बताया कि चिड़ियाघर के अंदर निर्माण काम लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। निगम की तरफ से सेंट्रल जू अथॉरिटी को डिमांड ड्राफ्ट (10 हजार रुपए शुल्क) भी भेज दिया गया है। अब कभी भी टीम आकर निगरानी कर सकती है। टीम के निर्देश पर कुछ निर्माण काम करवाने होंगे तो उसे भी अंतिम रूप देकर खत्म किया जाएगा। टीम के ग्रीन सिग्नल देने के बाद परिसर को वन विभाग को सौंपा जाएगा। इसके बाद जानवरों को लाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।