भरतनाट्यम, मणिपुरी और शास्त्रीय गायन में गोरखपुर ने मारी बाजी
गोरखपुर। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल की ओर से मंडल स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन रविवार को राप्तीनगर स्थित युवा केंद्र पर किया गया। भरतनाट्यम, मणिपुरी नृत्य, एक्सटेंपोर, शास्त्रीय गायन, लोकनृत्य, एकांकी व गिटार में गोरखपुर मंडल ने बाजी मारी। वहीं लोकगीत, हारमोनियम, तबला वादन में आजमगढ़ मंडल और कथक में बस्ती मंडल ने पहला स्थान हासिल किया।
राज्य युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. विभ्राट चंद कौशिक ने कहा कि इस उत्सव से युवा कल्याण विभाग द्वारा लोक कलाओं को संरक्षण एवं संवर्धन मिलेगा। उन्होंने 11 से 13 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिए सभी विजयी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। निर्णायक मंडल में बृज बिहारी दूबे, उमेश मिश्रा व प्रेमनाथ रहे। इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी अमित कुमार सिंह, कुशीनगर के जिला युवा कल्याण अधिकारी रामजीत समेत गोरखपुर के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी तथा व्यायाम प्रशिक्षक एवं मंडल व जनपद के युवा कल्याण विभाग के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।