गोरखपुर में तपिश भरी गर्मी से अगले दो दिन में राहत मिलने की संभावना है। जम्मू कश्मीर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। ऐसे में रविवार से अगले दो से तीन दिनों तक गोरखपुर में हल्की बारिश हो सकती है।
शुक्रवार की तुलना में शनिवार को गोरखपुर के मौसम का मिजाज कुछ राहत देने वाला रहा। अधिकतम तापमान में बृहस्पतिवार की तुलना में करीब चार डिग्री गिरावट आई। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम रहा। अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है।
दरअसल, जम्मू कश्मीर के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। जिसके रविवार तक गोरखपुर पहुंचने की संभावना है। इसकी वजह से रविवार से बुधवार तक हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि एक और पश्चिमी विक्षोभ 22 मई को भी जम्मू कश्मीर के ऊपर सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से 24 और 25 मई को भी बूंदाबांदी हो सकती है। गोरखपुर के 75 प्रतिशत इलाके में बारिश की संभावना है।