गोरखपुर मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को फिर से ठिठुरने को मजबूर कर दिया है। पिछले सप्ताह जहां गर्मी की वजह से लोगों ने गर्म कपड़े उतार दिए थे, वहीं सोमवार की तरह लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी पूरे दिन सूरज के दर्शन नहीं हुए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो से तीन दिन और कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
मंगलवार को सुबह से आकाश में धुंध छाई रही। साथ ही करीब 10 किलोमीटर की रफ्तार से पछुवा हवा चलती रही। इसकी वजह से दिन का तापमान मात्र 15 डिग्री तक चढ़ सका। जिससे पूरे दिन ठिठुरन बनी रही।
वहीं बुधवार को पुरवा हवा चलने की वजह से सुबह काफी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि अगले दो तीन दिन तक मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 18 डिग्री से नीचे बना रहेगा। वहीं न्यूनतम तापमान के सात डिग्री तक लुढ़कने की संभावना है।