इस बार गोरखपुर में सामान्य से 12 प्रतिशत ज्यादा बारिश अबतक हो चुकी है। गोरखपुर-बस्ती मंडल के कई जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है तो कई जिलों में सामान्य से काफी कम बरसात रिकॉर्ड की गई है। सर्वाधिक बारिश देवरिया में हुई है तो कुशीनगर में सामान्य से सबसे कम बारिश हुई है।
सामान्य तौर पर मानसून के दौरान गोरखपुर में 1137 मिलीमीटर बारिश होती है। एक जून से एक अगस्त तक जहां गोरखपुर में सामान्य तौर पर 591.7 मिलीमीटर बारिश होती है वहीं अब तक गोरखपुर में 660.1 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। कुशीनगर में सामान्य से करीब 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
वहीं देवरिया में सामान्य से करीब 23 मिलीमीटर ज्यादा बारिश हुई है। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने कहा कि अब बारिश का ट्रेंड पूरी तरह से बदल चुका है। कम समय में ज्यादा बारिश हो रही है। बारिश सामान्य से ज्यादा हो रही है लेकिन बारिश के दिन कम होने लगे हैं। जिस तरह से गोरखपुर-बस्ती मंडल में बारिश हो रही है, उम्मीद है कि सामान्य से कुछ ज्यादा ही बारिश होगी।
जिला वास्तविक वर्षा सामान्य वर्षा सामान्य से ज्यादा (% में)
गोरखपुर- 660.1 591.7 +12
महराजगंज- 721.0 579.6 +21
देवरिया- 541.8 440.1 +23
कुशीनगर- 320.5 460.7 -30
बस्ती- 333.5 411.9 -19
सिद्धार्थनगर- 504.4 573.0 - 12
संतकबीरनगर-513.7 530.8 -03
(वर्षा मिलीमीटर में)