कृषि वैज्ञानिकों की मानें तो वर्तमान मौसम रबी की फसल के लिए अनुकूल है। तीन दिन पहले हुई बारिश के अलावा रात में पड़ रही शीत रबी की फसल के लिए अमृत की तरह है। न्यूनतम तापमान भले ही औसत तापमान के बराबर बना हुआ है, लेकिन रात और सुबह पड़ रहा कोहरा व शीत फसल के लिए अनुकूल है।
इन दिनों अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 के आसपास बना हुआ है। सुबह-शाम और रात का कोहरा फसल के लिए लाभप्रद है। कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. सतीश कुमार सिंह ने बताया कि रबी की फसल के लिए अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहना चाहिए। रबी की फसल गेहूं, गन्ना, सरसो, मटर, जौ और चना के लिए तापमान में गिरावट से मजबूती मिलती है।
इससे फसलों की गुणवत्ता के साथ पैदावार भी बढ़ती है। इसके साथ ही इन फसलों का आकार भी अच्छा होता है। शीतकाल में तापमान में गिरावट से मृदा की उर्वरक क्षमता बढ़ती है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता को देखते हुए अभी मौसम इसी प्रकार रहने का अनुमान है।