विजिबिलिटी कम, वाहन चालक हुए परेशान
सड़कों पर धुंध के कारण विजिबिलिटी काफी कम रही। इस कारण चार पहिया वाहन रेंगते हुए चले। हादसे से बचाव के लिए लाइटें जलाकर रखीं। धुंध के कारण वाहन के पीछे अन्य वाहन कतार बनाकर चलते रहे। दिन भर लोगों को ठंड से कोई राहत नहीं मिली। अगले दिनों में भी ठंड का प्रकोप इसी प्रकार जारी रहेगा।
कोहरे में धीमी रखें रफ्तार, जलाकर रखें लाइटें
यातायात विभाग का कहना है कि कोहरा/धुंध में वाहन चालक रात के समय सफर करने से गुरेज करें। धुंध के बीच चलते समय वाहन के आगे व पीछे की लाइटें चालू रखें। लो बीम लाइट का इस्तेमाल करें। वाहन की रफ्तार धीमी रखें। आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाकर रखें, ताकि हादसों से बचा जा सके। वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाएं। दो पहिया वाहन चालक सड़क के मध्य में वाहन चलाने से गुरेज रखें व सड़क पर बनी सफेद पट्टी को ध्यान में रखते हुए वाहन चलाएं। हेलमेट अवश्य पहन कर रखें।
ठंड में बुजुर्ग व बच्चों का रखें विशेष ध्यान
फिजीशियन डॉ. राजीव जायसवाल ने कहा कि ठंड में बुजुर्ग व बच्चों का खासतौर पर ध्यान रखा जाना चाहिए। ठंडी चीजों का सेवन न करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। गर्म व हल्दी वाला दूध बच्चों व बुजुर्गों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। यह सर्दी से बचने का मददगार साबित होगा। मधुमेह, रक्तचाप और अस्थमा के मरीज अपनी दवा बंद न करें। रक्तचाप और मधुमेह की नियमित तौर पर जांच करते रहें। ठंड के सीधे प्रभाव में आने से बचें।
हवाई सेवा प्रभावित व ट्रेन निरस्त होने से आ रही दिक्कत
दिल्ली, लखनऊ होकर गोरखपुर आने वाली अधिकांश फ्लाइट हर दिन लेट हो रही है। शुक्रवार को मुंबई से आने वाली फ्लाइट भी कोहरे के चलते देर हो गई। शाम को आने वाली यह फ्लाइट करीब आधे घंटे देर से पहुंची। इसके चलते गोरखपुर से जाने वाली फ्लाइट भी देर से गई। इसके अलावा दिल्ली से आने वाली वैशाली एक्सप्रेस करीब पौने दो घंटे और गोरखधाम एक्सप्रेस भी करीब दो घंटे की देरी से गोरखुपर पहुंची। इसके चलते भी प्रतिनिधियों ने अपनी यात्रा की तारीख बदली है।