कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में शुक्रवार को विद्या परिषद की बैठक प्रशासनिक भवन के कमेटी हॉल में हुई। इसमें विशिष्ट अतिथियों के नाम के साथ स्वर्ण पदक विजेताओं के नाम का अनुमोदन किया गया। शनिवार को कार्य परिषद में भी इसका अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा। बैठक का संचालन कुलसचिव प्रो. शांतनु रस्तोगी ने किया। इसमें विद्या परिषद के सभी सदस्यों ने सहभागिता की।
कुलपति और डीएम ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
दीक्षांत समारोह में शामिल होने आ रहीं राज्यपाल के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे डीएम कृष्णा करुणेश ने कुलपति प्रो. पूनम टंडन के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान राज्यपाल के रूट के साथ दीक्षा भवन स्थित हॉल का निरीक्षण कर संबंधित को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
कुलपति और डीएम ने राज्यपाल के लिए बन रहे सेफ हाऊस का भी जायजा लिया। इस दौरान वहां पर आवश्यक सामान उपलब्ध कराने व सुधार के लिए अभियंता को निर्देशित किया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल कर निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने साफ-सफाई एवं अन्य तैयारियों के लिए नगर निगम की टीम को लगाने का निर्देश दिया। इसके बाद दोनों लोग विश्वविद्यालय के अतिथि गृह पहुंचे। अतिथि गृह में राज्यपाल के जलपान की व्यवस्था की गई है। कुलपति प्रो. टंडन दोबारा शाम करीब 5:30 बजे कार्यक्रम स्थल दीक्षा भवन पहुंचीं। उन्होंने युद्ध स्तर पर तैयारियों को पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर हाल में फुल ड्रेस रिहर्सल तक तैयारियों को पूरा कर लिया जाए।
कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल गोविवि दीक्षांत समारोह में शामिल होने से पहले दीक्षा भवन के सामने स्थापित कुलाधिपति वाटिका में पौधरोपण भी करेंगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। कुलपति ने कुलाधिपति वाटिका का निरीक्षण कर पौधरोपण स्थान चयन के साथ मौके पर आवश्यक सामान को उपलब्ध करने एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया।
दीक्षा समितियों के समन्वयक संग की बैठक
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने शाम चार बजे दीक्षा समितियों के समन्वयक के साथ समीक्षा बैठक की। कुलपति ने कहा कि राज्यपाल एवं अतिथियों के भव्य स्वागत के लिए सभी इंतजाम समय से पूरा कर लिया जाए।