गोरखपुर विश्वविद्यालय में शिक्षक, अभियंता, सहायक अभियंता व प्रोग्रामर पद पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा स्थगित कर दी गई है। शिक्षक भर्ती के लिए चार दिसंबर को होने वाली वस्तुनिष्ठ परीक्षा अब 18 दिसंबर को होगी।
इसी तरह, सिविल एवं विद्युत अभियंता, सहायक सहायक अभियंता एवं प्रोग्रामर पद पर भर्ती के लिए स्किल टेस्ट 27 नवंबर की जगह 11 दिसंबर को होगा। विश्वविद्यालय में 12 विषयों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर भर्ती के लिए परीक्षा प्रक्रिया चल रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए परीक्षा स्थगित कर दी है।
परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार के मुताबिक मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, हिंदी एवं पत्रकारिता, दर्शनशास्त्र, अंग्रेजी, प्राचीन इतिहास, मध्यकालीन इतिहास, भूगोल व संस्कृत विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए परीक्षा 18 दिसंबर को विश्वविद्यालय के दीक्षा भवन में सुबह 10 से 11 बजे तक होगी।
इसी प्रकार महायोगी गुरू गोरक्षनाथ शोधपीठ, प्रौढ़ सतत एवं प्रसार शिक्षा एवं सहायक ग्रंथालयी पद के लिए परीक्षा दोपहर एक बजे से दो बजे तक होगी। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि अभ्यर्थी संशोधित प्रवेश पत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट
www.ddugu.ac.in पर जाकर 27 नवंबर से डाउनलोड कर सकते हैं।
27 को है कैट की परीक्षा
देश के प्रतिष्ठित प्रबंध संस्थानों में प्रवेश के लिए कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट)-2022 भी 27 नवंबर को आयोजित होनी है। इसे देखते हुए कुछ अभ्यर्थियों ने अभियंता, सहायक अभियंता व प्रोग्रामर पद पर भर्ती के लिए 27 नवंबर को स्किल टेस्ट न कराने का अनुरोध किया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे संज्ञान में लेते हुए स्किल टेस्ट की तिथि अब बदल दी है।