गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा में करीब 90 फीसदी उपस्थिति दर्ज हुई। बीएससी (गणित) और बीए ऑनर्स में कुल 5,397 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4,797 ने परीक्षा दी।
दो पालियों में आयोजित परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया।
सुबह की पाली में बीएससी (गणित) की प्रवेश परीक्षा मजीठिया भवन, विधि संकाय, वाणिज्य संकाय और इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी भवन में आयोजित हुई। इसमें 1,657 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,438 उपस्थित रहे। शाम की पाली में बीए ऑनर्स की प्रवेश परीक्षा आठ केंद्रों पर कराई गई। इसमें 3,740 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3,359 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
सभी केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम रहे। परिसर में बनाए गए हेल्प डेस्क पर कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग किया। निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने विभिन्न केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।
10 जुलाई तक दर्ज कर सकते हैं प्राप्तांक
विश्वविद्यालय ने स्नातक एवं परास्नातक प्रवेश के ऐसे अभ्यर्थियों को राहत दी है, जो आवेदन के समय अपनी अर्हता परीक्षा के प्राप्तांक पोर्टल पर दर्ज नहीं कर सके थे। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थी अब 10 जुलाई तक प्रवेश पोर्टल पर अपने प्राप्तांक अपडेट कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कई विद्यार्थियों का इंटरमीडिएट या स्नातक का परिणाम आवेदन के बाद घोषित हुआ था, इसलिए वे अंक दर्ज नहीं कर पाए थे। अब उन्हें अंतिम अवसर दिया गया है।