जानकारी के मुताबिक, गोपनीय सूचना के बाद गोरखपुर की स्वाट टीम कुशीनगर में पशु तस्कर को पकड़ने के लिए कसया इलाके में गई थी। सूचना थी कि 25 हजार का इनामी पशु तस्कर देवरिया के तरकुलवा निवासी इंजमामुल खान अपनी मौसी के घर पर छिपा है।
पुलिस टीम देखते ही तस्करों ने किया हमला
शुक्रवार देर रात टीम लोकेशन पर पहुंची और तस्कर को घेर लिया। तस्कर और उसके साथियों को पुलिस की मौजूदगी की भनक लग गई। तस्करों ने पुलिस टीम को देखते ही उनपर हमला बोल दिया। टीम ने भी हिम्मत दिखाते हुए एक तस्कर को छत के रास्ते दौड़ा लिया। इस बीच स्वाट प्रभारी प्रदीप शर्मा ने तस्कर का हाथ पकड़ लिया और रुकने की हिदायत दी। अचानक तस्कर का हाथ छूटा और वे फिसलकर छत के नीचे जा गिरे।
गिरने से प्रदीप शर्मा का एक पैर और दोनों हाथ टूट गए। इससे हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्वाट प्रभारी को गोरखपुर के दाउदपुर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। इस बीच स्वाट टीम ने घेराबंदी करके पशु तस्कर इंजमामुल खान को गिरफ्तार कर लिया।
स्वाट टीम इनामी तस्कर की गिरफ्तारी के लिए कुशीनगर दबिश देने गई थी। दीवार पर चढ़ते समय पैर फिसलने के कारण स्वाट टीम प्रभारी प्रदीप शर्मा को चोटें आई हैं। इसके बावजूद स्वाट टीम ने बहादुरी दिखाते हुए 25 हजार के इनामी तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। प्रदीप शर्मा और उनकी टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रोत्साहन के रूप में दिया गया हैं।
- डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी