50 जहरखुरानों और चोरों की लोकेशन खंगाल रही आरपीएफ
गोरखपुर। बिहार में होने वाले चुनाव और त्योहार में ट्रेनों में अपराध रोकने के लिए आरपीएफ ने खास तैयारी की है। पूर्व में सक्रिय 50 जहरखुरानों और चोरों को रडार पर लिया है। उनकी वर्तमान लोकेशन खंगाली जा रही है और अभियान चलाकर धरपकड़ की जाएगी। इसमें जीआरपी की भी मदद ली जा रही है।
लॉकडाउन में ट्रेनों के नहीं चलने पर चोरों और जहरखुरानों ने अपने ठिकाने बदल लिए थे। लेकिन इधर जब ट्रेनें चलाई जा रही हैं तो इनकी सक्रियता बढ़ने लगी है। जहरखुरानी के चार मामले आए हैं और इसी तरह मोबाइल चोरी के भी केस दर्ज हुए हैं। जिसे देखते हुए अब सख्ती बरती जाएगी। आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट आरवी सिंह ने बताया कि जीआरपी के साथ मिलकर संयुक्त जांच अभियान चलाया जा रहा है। वहीं पूर्व में सक्रिय रहे अपराधियों की कुंडली तैयार कर ली गई है, उनकी गतिविधियों पर नजर है। कुछ फरार हैं उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।