सीएम से शिकायत के बाद एम्स पुलिस ने दंपती पर दर्ज किया केस
गोरखपुर। एमएमएमयूटी में छात्रावास निर्माण कराने वाली फर्म केके इंटरप्राइजेज ने दंपती से सामान की सप्लाई लेकर भुगतान नहीं किया। 26.71 लाख रुपये हड़पने के मामले में केके इंटरप्राइजेज फर्म की प्रोपराइटर कुमकुम सिंह और उनके पति सुधीर सिंह पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। सीएम से शिकायत के बाद एम्स पुलिस केस दर्ज मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सैनिक विहार सेक्टर-ए, नंदानगर निवासी रेखा सिंह ने केस दर्ज कराया। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी लक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्म है। उनके पति संजय सिंह का सिंघड़िया कूड़ाघाट में विष्णु ट्रेडर्स के नाम से दूसरी फर्म है। पुलिस को बताया कि कुमकुम सिंह पत्नी सुधीर सिंह निवासी मोहद्दीपुर का केके इंटरप्राइजेज के नाम फर्म है। फर्म पर सुधीर सिंह ठेका करते हैं। वर्ष 2021-22 में सुधीर सिंह ने मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में महिला छात्रावास बनवाने का ठेका लिया था। उस दौरान सुधीर सिंह ने छात्रावास निर्माण में पेंट, शीशा, प्लाई आदि की सप्लाई फर्म से लिया था। फर्म लक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी से 59,39,569 रुपये का सामान दिया गया। इसमें केके फर्म की ओर से 36,25000 रुपया भुगतान किया गया। इसी तरह विष्णु ट्रेडर्स से 11,01,863 रुपये का सामान दिया गया। इसमें 7,51,863.00 रुपये का भुगतान किया गया। अभी दोनों फर्म का कुल बकाया राशि 26,71, 432 रुपया है। भुगतान के लिए कुमकुम सिंह एवं उनके पति सुधीर सिंह से कहने पर टाल-मटोल करने लगे। कहा कि विभाग से अभी भुगतान नहीं हुआ है। बता में पता चला कि निर्माण समाप्त हो जाने के बाद विभाग ने सारा भुगतान कर दिया है।