गुलरिहा (गोरखपुर)। इलाके के सरैया टोला रसूलपुर में चार बच्चों की मां प्रेमी के साथ चली गई। गम में डूबे पति ने रविवार को पत्नी के दुपट्टे को फंदा बनाकर लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
जानकारी के मुताबिक, सरैया टोला रसूलपुर निवासी भरत (42) की शादी वर्ष 2002 में आरती से हुई थी। दंपती की तीन बेटियां और एक बेटा है। भरत स्वीपर का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था।
दस दिन पहले विवाद के बाद आरती घर छोड़कर दूसरे पुरुष के साथ चली गई, जो उसका प्रेमी बताया जा रहा है। इसके बाद से भरत अवसाद में चल रहा था। पत्नी के गम में डूबा भरत रविवार को शराब पीकर घर आया और आत्महत्या की कोशिश की। बच्चों के समझाने पर वह बेटे मन्नत के साथ सोने चला गया। बेटे के सोते ही वह टीनशेड के कमरे में बांस की बल्ली में पत्नी के दुपट्टे को फंदा बनाकर लटक गया।
देर रात करीब एक बजे बेटे की नींद खुली तो पिता को फंदे से लटका देख शोर मचाते हुए रोने लगा। इसके बाद घरवालों और मोहल्ले के लोगों को जानकारी हुई।