जटेपुर दक्षिणी निवासी व 1972 में दिवंगत हो गए व्यक्ति की पत्नी पर फर्जीवाड़ा का आरोप
गोरखपुर। शहर में एक मृतक की पत्नी ने सात रजिस्ट्री कर दी है, जबकि खतौनी में उसका नाम ही नहीं है। मामले का खुलासा एक किराएदार पर फर्जी रजिस्ट्री की शिकायत पर हुआ है। दोनों पक्षाें के अधिवक्ता अपने मुवक्किल के सही होने का दावा कर रहे हैं। उधर, रजिस्ट्री विभाग में मामले की जांच शुरू करा दी गई है।
शहर के पवन कुमार गोयल ने एआईजी स्टॉम्प एवं पंजीयन से शिकायत की है कि धर्मशाला बाजार के जटेपुर दक्षिणी में 1972 में दिवंगत हो गए व्यक्ति की पत्नी के तौर पर एक महिला ने करीब सात रजिस्ट्री की है, जबकि उसका नाम खतौनी में दर्ज नहीं है। उन्होंने कहा है कि उनके किराएदार ने महिला से मिलकर कूटरचित दस्तावेज के आधार पर रजिस्ट्री करा ली है। पवन ने बैनामों की छाया प्रति, महिला के मूल आधार कार्ड की छाया प्रति, नगर निगम की वोटर लिस्ट की छाया प्रति लगाते हुए उसे छद्मवेशी बताया है। उन्होंने रजिस्ट्री विभाग से अपेक्षा की है कि उसके खिलाफ एफआईआर कराया जाए। जिनके नाम रजिस्ट्री हुई है उनके पक्ष के अधिवक्ता का कहना है कि महिला ने अपने पति के नाम वरासत दर्ज कराया, सिर्फ खतौनी अपडेट नहीं कराई गई है। मामले को संदिग्ध मानते हुए अब जांच शुरू करा दी गई है।
कोट
धर्मशाला बाजार के जटेपुर निवासी महिला की रजिस्ट्री में गड़बड़ी को लेकर शिकायत हुई है। इस मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- संजय कुमार दुबे, एआईजी स्टॉम्प एवं पंजीयन