महालक्ष्मी ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर आई महिला ने गहने उड़ाने की कोशिश, पुलिस ने किया गिरफ्तार
कौड़ीराम। बांसगांव थानाक्षेत्र के कस्बे के मुख्य बाजार स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स में सोमवार दोपहर चोरी की वारदात को दुकानदार की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। ग्राहक बनकर आई महिला अफसरी उर्फ शहनाज को गहने चोरी करते पकड़ा लिया गया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई।
दुकानदार उमेश वर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह दुकान पर ग्राहकों को गहने दिखा रहे थे। इसी दौरान एक महिला ग्राहक बनकर आई और आभूषण देखने लगी। मौका पाकर उसने कुछ गहनों को चुराने की कोशिश की। इसी बीच दुकान में काम कर रहे लड़के को महिला की हरकत पर शक हुआ। जब महिला जाने लगी, तो उसने उसे रोक लिया। संदेह के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से चोरी किए गए एक सोने की अंगूठी और दो जोड़ी चांदी की बिछिया बरामद हुईं। दुकानदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम राजघाट के तुर्कमानपुर पटवारी टोला निवासी अफसरी उर्फ शहनाज बताया। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज को सबूत के रूप में कब्जे में लिया गया है। जांच की जा रही है कि आरोपी महिला किसी संगठित चोरी गिरोह से तो जुड़ी नहीं है।