खजनी इलाके की घटना, पुलिस कर रही जांच-पड़ताल
उनवल। खजनी इलाके में पान के लिए पैसे नहीं देने पर सफाईकर्मी की आरोपियों ने डंडे से पिटाई कर दी। सफाईकर्मी ने तहरीर देकर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। खजनी पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी नारायण प्रसाद उनवल नगर पंचायत के सफाई कर्मी हैं। तहरीर देकर बताया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे अपने वार्ड नंबर तीन में हैंडपंप बनवा रहा था। इस दौरान वार्ड के ही एक युवक ने पान के लिए पैसे मांगे। मना करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी और हमला करने की कोशिश की। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। आरोप है कि कुछ ही समय बाद युवक अपने भाई और छह अज्ञात लोगों के साथ आया और डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। मेरी आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। सफाई कर्मी ने बताया कि आसपास के लोग समय रहते बचाव में नहीं आते तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष अर्चना सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। सफाई कर्मी का मेडिकल करा दिया गया है, केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।