मौसम विभाग ने जताया पूर्वानुमान, गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका
दिन में तेज धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान रहे लोग
गोरखपुर। पूर्वी यूपी में मानसून की सक्रियता के बावजूद कम बारिश की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, गोरखपुर-बस्ती मंडल में बादल छाए हुए हैं। रविवार और सोमवार को भी कहीं-कहीं हल्की बारिश की उम्मीद है। इसके अलावा मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई है।
इस बार पूर्वी यूपी में 18 जून को अपने तय समय से मानसून सक्रिय हो गया था। पहले चार दिन इंतजार के बाद 22 जून को जमकर बारिश हुई। अनुमान जताया गया कि अब मानसून मेहरबान रहेगा, लेकिन अगले एक सप्ताह में फिर छिटपुट बारिश ही हुई। इसके बाद 29 व 30 जून को एक बार फिर मानसून सक्रिय हुआ और जमकर बारिश हुई। तापमान में भी तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ माहौल खुशनुमा हो गया। इसके बाद फिर से मौसम की बेरुखी से लोग परेशान हैं। एक जुलाई से पांच जुलाई के बीच कुल मिलाकर 18 एमएम ही बारिश हुई है। दिन में तेज धूप और रात में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हो रहे हैं।
इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर अगले दो दिन पूर्वी यूपी में अलग-अलग जगहों पर बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका है।
मौसम विज्ञानी अतुल सिंह ने बताया कि गोरखपुर-बस्ती मंडल में बादल छाए हुए हैं। रविवार और सोमवार को बारिश के लिए अनुकूल मौसम बना हुआ है।