28 फरवरी और एक मार्च को पूरे यूपी में बूंदाबांदी व गरज चमक के साथ पड़ेंगी बौछारें
दिन व रात के तापमान में होगी बढ़ोतरी
तापमान में उतार चढ़ाव की वजह से सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़े
गोरखपुर। हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते बुधवार को मौसम बदल गया। दोपहर बादल छा गए। हालांकि तापमान में कमी नहीं आई है। लेकिन इसके चलते 28 फरवरी और एक मार्च को पूरे यूपी में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी का पूर्वानुमान है। उसके बाद दिन और रात का तापमान बढ़ना शुरू होगा।
दो दिन पहले सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बुधवार को हिमालय क्षेत्र में पाकिस्तान के करीब पहुंच गया। एक और पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान में सक्रिय है। इस वजह से दोपहर बाद पूर्वी यूपी में भी बादल छा गए। हवा की रफ्तार कम होने से बादल जमे रहे और तापमान में गिरावट नहीं आने पाई। दिन का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मंगलवार को दर्ज तापमान 28.3 के लगभग बराबर ही है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी खास असर नहीं दिखा।
मौसम विज्ञानी मोहम्मद दानिश का कहना है कि 28 फरवरी और एक मार्च को पूरी यूपी में एक चक्रवाती परिसंचरण (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी का पूर्वानुमान है। इसके अलावा मेघ गर्जना भी होगी।
-
मौसम में बदलाव से लोग हो रहे बीमार
फिजिशियन डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि तापमान में उतार चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। ओपीडी में सर्दी-जुकाम, बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। खान-पान में लापरवाही बरतने पर इस मौसम में फूड प्वाइजनिंग की भी दिक्कत हो सकती है। इसलिए लोगों को सलाह दी जा रही है कि केवल ताजा भोजन ही करें और बदलते तापमान के अनुसार कपड़ों का चयन करें।