हुक्का बार की आड़ में देह व्यापार कराने का मामला, बस्ती के मुंडेरवा थाना क्षेत्र का रहने वाला है आरोपी राजन उर्फ वसीम
व्हाट्सएप पर लड़कियों के फोटो भेजकर तय करता था रेट
गोरखपुर। हुक्का बार की आड़ में देह व्यापार कराने वाले गिरोह के गुर्गे वसीम अहमद ने लड़कियाें को झांसा देकर जाल में फंसाने के लिए अपना नाम राजन रख लिया था। इसी नाम से वह सोशल मीडिया अकाउंट भी चलाता था। सोशल मीडिया के जरिये लड़कियों से नजदीकियां बढ़ाने के बाद उन्हें धंधे में उतरने के लिए मजबूर करता था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में उसके कारनामे सामने आए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के मुंडेरवा अमरी अहरा निवासी राजन उर्फ वसीम अहमद गीडा इलाके के एक होटल में रहकर नौकरी करता था। पुलिस के अनुसार वसीम उस गैंग से जुड़ा था, जो हुक्का बार की आड़ में जिस्मफरोशी का धंधा चलाता था। यह गिरोह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था। पुलिस की जांच में पता चला है कि वसीम इंस्टाग्राम पर नाबालिग लड़कियों को जाल में फंसाता था। उसने अपना नाम राजन रखा हुआ था। लड़कियों को झांसे में लेने के बाद उन्हें ब्लैकमेल कर देह व्यापार में धकेलता था। वसीम व्हाट्सएप पर लड़कियों के फोटो भेजकर रेट तय करता था। रामगढ़ताल थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
जमानत पर बाहर आ गई नंदिनी
हुक्का बार की आड़ में नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार कराने के मामले में देवरिया की नंदिनी भी गिरफ्तार की गई थी। बाद में उसे जमानत मिल गई। इसके बाद पुलिस ने उस पर भी गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया। अब उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
14 आरोपी गैंगस्टर एक्ट में पाबंद
रामगढ़ताल इलाके की नाबालिग लड़की के साथ शाहपुर क्षेत्र के फ्लाई इन वन होटल के हुक्का बार में सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुई थी। दो जनवरी 2025 को रामगढ़ताल थाने में इस मामले में केस दर्ज किया गया था। नौ जनवरी को हुक्का बार में छापा पड़ा और बड़े पैमाने पर देह व्यापार की बात सामने आई। रामगढ़ताल थाने में दर्ज सामूहिक दुष्कर्म के केस में पुलिस ने जांच शुरू की। बीती 15 अगस्त को रामगढ़ताल पुलिस ने एसएसपी राज करन नय्यर के आदेश पर सभी 14 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया है। इसमें अनिरुद्ध ओझा उर्फ सोखा को गैंग लीडर और प्रियांशु जायसवाल, अनुराग सिंह, राजन उर्फ वसीम अहमद, विमल विश्वकर्मा, सूरज विश्वकर्मा, मुस्कान उर्फ माला पासवान, श्रेया शुक्ला, नंदिनी उर्फ परी, अजय सिंह, अनुराग त्रिपाठी, संजीत कुमार जायसवाल, आकाश गुप्ता और गौरव कुमार को गैंग का गुर्गा बताया है।
कोट
लड़कियों से देह व्यापार कराने वाले आरोपियों के खिलाफ रामगढ़ताल थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। भागे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। बहुत जल्द उन्हें भी पकड़ कर जेल भेजा जाएगा।
- योगेंद्र सिंह, सीओ कैंट