गगहा क्षेत्र का मामला, तमंचा और दो कारतूस बरामद
गगहा। शादी समारोह में तमंचा लहराते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गगहा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। वीडियो में मिर्जापुर वेब सीरिज के मुन्ना भैया की नकल करते हुए तमंचा लहराते हुए युवकों ने रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। शनिवार को गिरफ्तार दोनों युवकों की पहचान सहुआकोल के विवेक और परमजीत के रूप में हुई।
जानकारी के मुताबिक, विवेक ने रील्स अपलोड की थी। जो वायरल होते ही क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। इसकी शिकायत किसी ने गगहा थाने में कर दी। इसके बाद पुलिस ने वीडियो के आधार पर पहचान कराई। शनिवार को थाना क्षेत्र के राउतपार असवनपार मार्ग पर श्रीरामपुर मोड के पास से आरोपी विवेक और उसके दोस्त परमजीत को रोक कर तलाशी ली। इस दौरान विवेक के पास से एक 12 बोर का तमंचा व दो कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।