हूटर के साथ ही एक राजनीतिक दल का झंडा भी लगा था गाड़ी पर
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में बुधवार को दोपहर लगभग डेढ़ बजे हूटर बजा रही गाड़ी को गार्डों ने पकड़ लिया। गाड़ी में लाल-नीली बत्ती भी लगी थी। उस पर अधिवक्ता हाईकोर्ट लिखा गया था। शीशे पर काली फिल्म लगी थी और एक राजनीतिक दल का झंडा भी लगाया गया था। गाड़ी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि बुधवार को दोपहर में क्रीड़ा परिषद के पास स्थित कैंटीन के सामने हुंडई कंपनी की एक कार रुकी। उसमें तीन-चार युवक सवार थे। वहां लगातार हूटर बजाए जाने की शिकायत छात्रों ने की तो नियंता मंडल के सदस्य गार्डों के साथ पहुंचे। इसके बाद युवकों ने वहां से भागने की कोशिश की लेकिन गार्डों ने रोक लिया और विश्वविद्यालय चौकी की पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को पुलिस चौकी ले जाया गया।
बाहरी गाड़ियों पर नहीं कोई रोक-टोक
डीडीयू प्रशासन ने कार सवारों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि वे विश्वविद्यालय के छात्र नहीं हैं। वे युवक विश्वविद्यालय में क्या करने आए थे, इसका भी ठोस जवाब नहीं दे पाए। इन दिनों गेट पर सख्ती नहीं बरते जाने के कारण मेन गेट पर बाहरी गाड़ियों के आने-जाने पर कोई रोक-टोक नहीं है। इसके कारण हमेशा किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।