अटकहवा, ब्रह्मपुर और सहजनवां में अलग-अलग हादसे, पुलिस जांच में जुटी
गोरखपुर। जिले में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि बुजुर्ग महिला समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घटनाओं की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन चालकों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना का सहारा लिया जा रहा है।
ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के नदुवा ज्ञानपार, पुछिहवा गांव के पास मंगलवार सुबह दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें देवरिया के रुद्रपुर चंगहा निवासी देवेंद्र (22) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार धनंजय, और दूसरी बाइक पर सवार कलीम और राज गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, देवेंद्र और धनंजय अपने मित्र के साथ झंगहा से रुद्रपुर लौट रहे थे। इसी दौरान कलीम और राज शादी का कार्ड देने जा रहे थे और तेज रफ्तार में दोनों बाइक आपस में टकरा गईं। स्थानीय लोगों ने घायल युवकों को पीएचसी ब्रह्मपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें एम्स रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक देवेंद्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी।
वहीं दूसरी ओर, गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर दो, बांसस्थान पुल के पास मंगलवार शाम लगभग पांच बजे एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में ठाकुरपुर नंबर दो, परमेश्वरपुर निवासी रामललित के बेटे अजय (24) की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दिलीप गणेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइक से बांसस्थान पुल से खपड़हवा चौराहा जा रहे थे। घायल दिलीप को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
उधर, सहजनवां थाना क्षेत्र के घघसरा चौकी, हासपाटी गांव के पास मंगलवार रात एक तेज रफ्तार ऑटो ने पैदल जा रही प्रभावी देवी (60) को टक्कर मार दी। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें सीएचसी पाली ठर्रापार पहुंचाया गया, जहां से जिला चिकित्सालय गोरखपुर रेफर कर दिया गया। प्रभावी देवी छठ पूजा प्रसाद देने पैदल गई थीं। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक भागने लगा लेकिन ग्रामीणों ने दौड़ाकर वाहन को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।